रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-8 इलाके में महिला के साथ बीच सड़क मारपीट करने के मामले में कानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, बाइक से जा रहे दंपति को महिला के देवर ने अपने एक साथी के साथ रास्ते में रोक लिया। इसके बाद दोनों ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए चप्पलों, लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर महिला के देवर तथा उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के साथ हिंसा और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।








