रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, कानपुर ब्यूरो चीफ
कानपुर। बर्रा-2 स्थित वार्ड-51 की नई बस्ती के कम्पोजिट (प्राइमरी) विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर अभिभावकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विद्यालय परिसर में फैली गंदगी, जर्जर भवन और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के विरोध में अभिभावक दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे।
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का कहना है कि स्कूल परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं होती, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है। साथ ही विद्यालय में अराजक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं है। अभिभावकों ने जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अभिभावकों का आरोप है कि आंदोलन का दूसरा दिन होने के बावजूद अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल उनकी प्राथमिक मांग है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
यह मामला थाना बर्रा क्षेत्र के यादव मार्केट चौकी अंतर्गत नई बस्ती, बर्रा-2 स्थित कम्पोजिट (प्राइमरी) विद्यालय का बताया जा रहा है।








