रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, कानपुर ब्यूरो चीफ
कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस की पश्चिम जोन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन कथित मास्टरमाइंडों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, रजिस्टर, दस्तावेज समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शादी कराने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे धनराशि की ठगी करते थे। गिरोह सुनियोजित तरीके से फर्जी मैट्रिमोनियल सेवाओं का संचालन कर लोगों को झांसा देकर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।
छापेमारी के दौरान बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य शहरों और राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी के पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।








