रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
फतेहपुर। जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 5 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मऊपारा के आली मऊ गांव निवासी शिवराम यादव एवं लालचंद मौर्य द्वारा उप जिलाधिकारी खागा से शिकायत की गई थी कि सड़क किनारे स्थित इमरती वन की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग ने मामले की जांच कर कार्रवाई की।
शनिवार को नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी के नेतृत्व में राजस्व टीम एवं पुलिस बल गांव पहुंचा। इस दौरान लेखपाल मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, राजस्व निरीक्षक विवेक तिवारी तथा सब इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 2025, 2027, 2029, 2030, 2031 एवं 2041 की लगभग 5 बीघा भूमि पर कथित रूप से मुन्नालाल, विष्णु, ओंकार, शिव सिंह सहित कुछ अन्य लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। टीम ने मौके पर ट्रैक्टर से जुताई कराते हुए भूमि को खाली कराया तथा छप्पर और टीन डालकर किए गए अस्थायी कब्जों को भी हटवा दिया।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।








