रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने फलदार व छायादार पौधे बांटे, ग्रामीणों ने बच्चों की तरह देखभाल करने का लिया संकल्प
फतेहपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ सोमवार को बहुआ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) में पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष तथा सुजानपुर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को आम, अमरूद, इमली, आंवला, सागौन, नींबू और अनार सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने पौधों को अपने बच्चों की तरह पालने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हेमलता पटेल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में शुद्ध हवा, फल और छाया प्रदान करेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करेंगे।
पौध वितरण के दौरान महिलाओं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दोहराया।
ग्रामीणों ने हेमलता पटेल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांवों में हरियाली बढ़ेगी और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, गुलाबी गैंग की सदस्याएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








