भिटौरा ब्लॉक के पछेली मजरे भलेवा गांव के ग्रामीण बोले— गंदा पानी पीने को मजबूर, कच्ची सड़क से आवागमन में हो रही परेशानी।
फतेहपुर। जनपद के भिटौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पछेली, मजरा भलेवा की ग्रामीण महिला सुनीता देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रताप ने ग्रामीणों की ओर से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे ग्रामीणों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। साथ ही गांव की सड़क कच्ची होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर आरसीसी या खड़ंजा न होने के कारण बच्चों सहित ग्रामीणों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में गांव में पेयजल के लिए पानी की टंकी, सड़क पर आरसीसी अथवा खड़ंजा निर्माण तथा जल निकासी के लिए नाली बनवाए जाने की आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव का सर्वे कराकर पेयजल, सड़क और नाली की समुचित व्यवस्था जल्द से जल्द कराए जाने की मांग की है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।








