माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ ने मुख्यमंत्री और माध्यमिक शिक्षा मंत्री के नाम भेजा मांगपत्र, कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग
रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश के प्रदेशव्यापी आह्वान पर मंगलवार को जनपद फतेहपुर के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, उसी प्रकार लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी इस सुविधा के दायरे में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी शिक्षा व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें समान सुविधाएं और अधिकार मिलना चाहिए।
ज्ञापन में कर्मचारियों से जुड़ी अन्य लंबित एवं ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की भी मांग की गई। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री समय कुमार श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष प्रेम शुक्ला, कुलदीप तिवारी, उपमंत्री केशव सिंह, उपमंत्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष जागेश्वर पाल, मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार, प्रदेश मंत्री सुहेल सिद्दीकी, मंत्री जागेश्वर पाल, प्रदेश संरक्षक राजकुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








