अयोध्या में गविष्ठ यात्रा का भव्य स्वागत, गौ संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान में जुटीं हेमलता पटेल

 

फतेहपुर/अयोध्या। गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के उद्देश्य से जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के नेतृत्व में निकाली जा रही 81 दिवसीय गविष्ठ यात्रा गुरुवार को अयोध्या जनपद पहुंची। यात्रा के अयोध्या आगमन पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और गौभक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल भी यात्रा में सक्रिय रूप से शामिल रहीं। उन्होंने गोंडा से अयोध्या तक यात्रा के साथ रहकर विभिन्न सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा लोगों से गौ संरक्षण के लिए जागरूक होने का आह्वान किया।

यात्रा ने जरवल, घाघरा घाट, चौकाघाट, रामनगर, टिकैतनगर, भेलसर, रुदौली, मिल्कीपुर, बीकापुर, गोशाईगंज और अयोध्या विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरते हुए लोगों के बीच गौ सेवा और संरक्षण का संदेश पहुंचाया। विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रमों से जुड़े।

जनसभाओं को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि गौवंश का संरक्षण केवल धार्मिक महत्व का विषय नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था और भारतीय संस्कृति से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने भी गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

यात्रा में बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता, गौभक्त और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। दिनभर चले कार्यक्रमों के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम अयोध्या जनपद के धरमू का पुरवा में किया गया।

गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचकर लोगों को गौ सेवा और संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है तथा समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रही है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment