कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी
कानपुर, 18 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के उद्देश्य से द कानपुर रिपोर्टर टीम ने अपने पौधारोपण अभियान की शुरुआत कर दी है। विश्व पर्यावरण दिवस पर लिया गया संकल्प अब धरातल पर उतरने लगा है। टीम ने मानसून के मौसम में पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं उठाने का निर्णय लिया है।
अभियान के प्रथम चरण में कारवालो नगर स्थित रामलीला उद्यान में 5 पौधे, बापू पार्क में 2 पौधे तथा रायपुरवा रामलीला मैदान में 5 पौधों का रोपण किया गया। सभी पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्री गार्ड लगाए गए हैं और उनकी नियमित सिंचाई एवं देखभाल की व्यवस्था भी की गई है।
द कानपुर रिपोर्टर टीम का कहना है कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ टीम ने पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी अपने स्तर पर लेने का निर्णय लिया है।
टीम ने बताया कि यह अभियान की केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में 50 पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा और प्रत्येक पौधे के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा है और इसे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का सकारात्मक प्रयास बताया है। पौधारोपण अभियान के माध्यम से लोगों को भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।








