कानपुर में ट्रैफिक जाम पर कसेगा शिकंजा, डीसीपी ट्रैफिक ने प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण

 

कानपुर ब्यूरो चीफ राहुल द्विवेदी

कानपुर, 18 जुलाई 2026। महानगर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष पहल शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीन्द्र कुमार ने शनिवार को “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) योजना” के तहत शहर के कई प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने बड़ा चौराहा, परेड चौराहा, ग्रीन पार्क चौराहा, घंटाघर चौराहा और नरौना चौराहा का भ्रमण किया। उन्होंने चौराहों पर वाहनों की आवाजाही, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन और यातायात प्रबंधन की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस दौरान संबंधित अधिकारियों और यातायात कर्मियों को निर्देश दिए गए कि ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेम्पो जैसे सार्वजनिक परिवहन वाहनों के लिए निर्धारित स्थान सुनिश्चित किए जाएं। प्रमुख चौराहों से कम से कम 100 मीटर दूर सवारी चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि चौराहों पर लगने वाले जाम को कम किया जा सके।

डीसीपी ने शहर के विभिन्न चोक प्वाइंट्स की पहचान कर उनके कारणों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

रवीन्द्र कुमार ने कहा कि RTC योजना का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

यातायात विभाग की इस पहल से आने वाले दिनों में कानपुर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment