स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे अटेलवा वार्ड के लोग, महीनों से खराब पड़ा आरओ प्लांट

 

रिपोर्टर : सत्येंद्र कुमार वर्मा

धाता (फतेहपुर)। नगर पंचायत धाता के अटेलवा तिराहा स्थित वार्ड नंबर-1 में आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया आरओ वाटर प्लांट पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। इसके चलते स्थानीय निवासियों और राहगीरों को पीने के साफ पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरओ प्लांट की स्थिति लंबे समय से खराब है और इसकी टोटी भी गायब है, जिससे पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। अटेलवा तिराहा एक व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों का आवागमन रहता है, लेकिन पेयजल की व्यवस्था ठप होने से लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

नागरिकों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और नगर पंचायत प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। भीषण गर्मी और उमस के मौसम में पेयजल व्यवस्था का ठप होना लोगों की परेशानी को और बढ़ा रहा है।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े आरओ प्लांट की शीघ्र मरम्मत कराकर उसे चालू कराया जाए तथा गायब टोटी को भी तत्काल लगवाया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

“जल ही जीवन है” का संदेश देने वाली योजनाएं तभी सार्थक होंगी, जब उनकी नियमित देखरेख और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। फिलहाल जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment