फतेहपुर। बिंदकी थाना क्षेत्र में देशी शराब के ठेके पर हुई लाखों रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 22 पेटी देशी शराब, 62 किंगफिशर बीयर कैन तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 8 और 9 जुलाई की दरमियानी रात नरचौ-अरईपुर घेरवा स्थित देशी शराब के ठेके पर बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर ठेके की दीवार तोड़ दी थी और बड़ी मात्रा में शराब व बीयर लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद बिंदकी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिंदकी के नेतृत्व में बिंदकी पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम ने साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर रविवार को कार्रवाई करते हुए दिलीप कुमार पासवान निवासी चकमाधवपुर, प्रेम सोनकर निवासी नंदापुर थाना बिंदकी और शिवजीत निवासी खूंटाझाल थाना जाफरगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 22 पेटी (990 पौवे) देशी शराब, 62 किंगफिशर बीयर कैन और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों सूरज सोनकर और सुंदर सोनकर के साथ मिलकर पूर्व नियोजित योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद लूटी गई शराब और बीयर को पहले खेतों में छिपाया गया और बाद में शिवजीत के घर के बाहर बने टीनशेड वाले कमरे में रखकर मोटरसाइकिल के माध्यम से उसकी बिक्री की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








