उपसंपादक श्री राम अग्निहोत्री फतेहपुर
फतेहपुर। जिले में नेत्र स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड–चित्रकूट ने दो स्थानों पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किए। मदर सुहाग इंटर कॉलेज, अमरजई तथा ग्राम जरौली में आयोजित इन शिविरों में सैकड़ों लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे और दवाएं उपलब्ध कराई गईं, जबकि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चित्रकूट रेफर किया गया।
मदर सुहाग इंटर कॉलेज, अमरजई में सोशल एजुकेशन डेवलपमेंट सोसाइटी, मिचकी के सहयोग से “विजन केयर प्रोजेक्ट–2026” के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. सुधीर द्विवेदी एवं डॉ. विकास यादव ने छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की। जांच में दृष्टिदोष पाए जाने पर विद्यार्थियों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। साथ ही उन्हें आंखों की नियमित जांच, स्वच्छता और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में सोशल एजुकेशन डेवलपमेंट सोसाइटी के संस्थापक राकेश सविता, संयोजक आचार्य बाबू सिंह, इंदल सिंह, झूरी मौर्य, दिनेश गौतम, सत्यनारायण सिंह, गुरुदत्त सिंह तथा सचिन सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित सिंह चंदेल ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन के लिए बेहद उपयोगी हैं।
वहीं ग्राम जरौली में आयोजित दूसरे शिविर में डॉ. अखिलेश यादव एवं डॉ. पुष्पेंद्र यादव ने 60 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के बाद 40 मरीजों को निःशुल्क चश्मे तथा 30 मरीजों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। इसके अलावा 15 गंभीर नेत्र रोगियों को आगे के उपचार और संभावित सर्जरी के लिए सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड–चित्रकूट भेजा गया। इस शिविर के आयोजन में विवेक सिंह भदौरिया का विशेष सहयोग रहा।
चिकित्सकों ने दोनों शिविरों में लोगों से समय-समय पर आंखों की जांच कराने, आंखों की साफ-सफाई का ध्यान रखने और संतुलित आहार अपनाने की अपील की। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है तथा भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।








