खखरेरू पावर हाउस पर किसानों की महापंचायत, नया पावर हाउस बनवाने की उठी मांग

उपसंपादक श्री राम अग्निहोत्री फतेहपुर

फतेहपुर। जनपद के विजयीपुर ब्लॉक स्थित खखरेरू पावर हाउस परिसर में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की ओर से महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत की अध्यक्षता युवा ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र की खराब विद्युत व्यवस्था, लगातार हो रहे पावर कट और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

महापंचायत में किसानों ने कहा कि वर्तमान खखरेरू पावर हाउस का कार्यक्षेत्र अत्यधिक बड़ा होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है। उन्होंने मांग की कि कनपुरा-खखरेरू कोट लाइन के बीच एक नया पावर हाउस बनाया जाए, जिससे कोट, कुल्टी, रहमपुर, चखतीपुर सहित आसपास के गांवों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

किसानों का कहना था कि कोट फीडर की समस्या पिछले लगभग दस वर्षों से बनी हुई है। कई बार अधिकारियों के समक्ष शिकायतें और मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। इससे किसानों की सिंचाई के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नया पावर हाउस बनाने और बिजली व्यवस्था सुधारने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन राज्य स्तर पर व्यापक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह यादव, जिला शिक्षाप्रभारी गिरीश चंद्र मिश्र, तहसील प्रभारी धीरेंद्र सिंह, तहसील उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष मुन्ना भाई, संजय सिंह, दीपक सिंह, गुड्डू भाई, छोटका चंदेल, दीपक मौर्य, शीतल प्रसाद, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment