ननिहाल आया था 18 वर्षीय रवि, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खुसरूपुर गंगा घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान एक युवक के डूब जाने से हड़कंप मच गया। युवक के गहरे पानी में समा जाने के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी 18 वर्षीय रवि कुमार अपने ननिहाल खुसरूपुर आया हुआ था। गुरुवार दोपहर वह परिवार के अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचा। स्नान के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस और ओम घाट भिटौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक लगातार खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी घाट पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च अभियान जारी रहेगा।
बरसात के मौसम में गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज बहाव और गहरे पानी का सही अनुमान न लग पाने के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। ऐसे में नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।








