फतेहपुर/औंग। थाना औंग क्षेत्र के ग्राम विकमपुर में शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राम सिंह पुत्र गंगा सिंह, निवासी ग्राम टेनी, थाना खागा के रूप में हुई है।
बताया गया कि राम सिंह निर्माणाधीन सड़क परियोजना में रोलर चालक के रूप में काम करते थे और घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक ट्यूबवेल में रहते थे, जहां उनका निजी सामान भी रखा हुआ था।
मृतक के भांजे सचिन सिंह ने पुलिस को बताया कि राम सिंह लंबे समय से शराब के आदी थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ भी चल रहे थे। परिजनों ने किसी रंजिश या अनहोनी की आशंका से इनकार किया है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








