असोथर/फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के रिठवां ग्राम पंचायत के मजरे मुस्तफापुर में प्रेम प्रसंग के बाद विधवा महिला से विवाह का मामला चर्चा में है। ग्रामीणों की मौजूदगी में गोसाईं बाबा मंदिर में युवक ने विधवा महिला के साथ विवाह किया। जानकारी मिलने पर युवक की पहली पत्नी थाने पहुंच गई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की पूछताछ के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया।
बताया गया कि मुस्तफापुर निवासी रामकुमार का करीब एक वर्ष से गांव की ही विधवा सुनीता देवी से संबंध था। दोनों की सहमति से ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। सुनीता के पहले पति की वर्ष 2022 में मृत्यु हो चुकी है और उनकी पहली शादी से एक बेटी है। विवाह के बाद रामकुमार ने सुनीता और उसकी बेटी को परिवार के रूप में स्वीकार करने की बात कही।
इधर रामकुमार की पहली शादी वर्ष 2024 में कसरावां निवासी उर्मिला देवी से हुई थी। दंपती की एक बेटी भी है। उर्मिला पिछले करीब छह माह से बीमारी के चलते मायके में रह रही थीं। इसी दौरान उन्हें पति की दूसरी शादी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने असोथर थाने पहुंचकर शिकायत की।
पुलिस ने रामकुमार को थाने बुलाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में बातचीत कराई। उर्मिला ने अपनी बेटी और स्वयं के लिए संपत्ति में आधा हिस्सा देने की शर्त पर समझौता स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पति के साथ घर चली गईं।
उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के मुताबिक, शिकायत के आधार पर युवक से पूछताछ की गई थी। दोनों पक्षों की बातचीत के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया और पहली पत्नी ने कार्रवाई से इनकार कर दिया।








