रक्षाबंधन पर छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को बांधी राखी, खाकी के प्रति जताया भरोसा

 

 

फतेहपुर, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के मौके पर पुलिस कार्यालय फतेहपुर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। शिक्षकगण एवं छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और तिलक लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक की कलाई पर रक्षासूत्र बांधते हुए पुलिस को समाज की सुरक्षा का प्रहरी बताया। छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी विश्वास और सम्मान के साथ उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने छात्राओं की इस पहल की सराहना की और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में है तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

 

पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 1098 की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।

 

रक्षाबंधन पर छात्राओं द्वारा पुलिस अधीक्षक को बांधी गई राखी ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सुरक्षा और आत्मीयता के रिश्ते को मजबूत करने का संदेश दिया।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment