थरियांव/फतेहपुर। त्योहारों के बीच मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने थरियांव कस्बे में बड़ी कार्रवाई की। असोथर रोड स्थित एक गोदाम पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध मिठाइयां और पनीर बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि गोदाम नीरज लोधी स्वीट्स एंड नमकीन और मोती मिष्ठान भंडार के नाम से चर्चित है। शिकायतों के आधार पर सीओ सदर दुर्गेश दीप के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम थाना प्रभारी शमशेर बहादुर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
छापेमारी के दौरान टीम को मिठाइयों और पनीर का बड़ा स्टॉक मिला। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने संदिग्ध पनीर और मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से यहां मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और निर्माण को लेकर शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, बरामद सामग्री वास्तव में मानक के विपरीत है या नहीं, इसका अंतिम निर्धारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। त्योहारों के मद्देनजर लोगों ने खाद्य विभाग से मिठाई और पनीर बनाने तथा बेचने वाले प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की मांग की है।
प्रशासन ने भी मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं। अब निगाहें खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।








