फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में शराब के ठेके के सामने मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मनीष दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, असनी गांव निवासी वैभव दुबे शराब के ठेके के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद के लड़कों से उनकी कहासुनी हो गई। सूचना पर वैभव के पिता मनीष दुबे और गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। वहीं गोवर्धन निषाद ने ठेके के मालिक अमन सिंह और मनु सिंह को भी फोन कर बुला लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान मनु सिंह ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया, जिसकी गोली मनीष दुबे को लग गई। घायल मनीष को पुलिस और परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद मुख्य अभियुक्त अमन सिंह और मनु सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। वहीं शराब ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।








