मथुरा की धार्मिक गरिमा को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने उठाई आवाज, 30 अगस्त को मथुरा कूच का ऐलान

 

लखनऊ। गीतांजलि सिंह। विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र की धार्मिक गरिमा और परिक्रमा मार्ग की पवित्रता को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि धार्मिक क्षेत्रों की मर्यादा और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

गोपाल राय ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। परिषद का आरोप है कि जन्मभूमि क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग के आसपास मांस एवं मदिरा की दुकानों का संचालन धार्मिक वातावरण को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसी दुकानों को परिक्रमा मार्ग से हटाने की मांग की।

72 घंटे का अल्टीमेटम

प्रेस वार्ता में गोपाल राय ने प्रशासन को 72 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में मांग पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता 30 अगस्त को मथुरा कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि परिषद सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों की मर्यादा से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

उन्होंने कहा, “अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा की बारी है।” परिषद ने प्रशासन से अपील की कि समय रहते उचित निर्णय लिया जाए, जिससे किसी तरह की टकराव अथवा जनअसंतोष की स्थिति न बने।

4 अक्टूबर को महासम्मेलन और सनातन गौरव सम्मान

परिषद की ओर से बताया गया कि आगामी 4 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि महासम्मेलन एवं सनातन गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। परिषद के अनुसार कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. सिंह बिट्टा और विधायक राजेश्वर सिंह को आमंत्रित किया गया है।

21 देशों में संगठन विस्तार का दावा

गोपाल राय ने परिषद के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की जानकारी देते हुए दावा किया कि संगठन ने 21 देशों में राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इनमें ब्रिटेन, इंडोनेशिया, ब्राजील, फ्रांस, नेपाल, कनाडा, यूक्रेन, श्रीलंका, मलेशिया, बेल्जियम, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, चीन, जापान सहित अन्य स्थानों के नाम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य सनातन संस्कृति, हिंदू समाज और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। आने वाले समय में देश-विदेश में सनातन जागरण से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में परिषद की सचिव रचना गौतम समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment