असोथर/फतेहपुर। चित्रकूट धाम जाने के लिए असोथर क्षेत्र से सीधी रोडवेज बस सेवा की वर्षों पुरानी मांग अब कार्रवाई के अगले चरण में पहुंच गई है। परिवहन विभाग ने प्रस्तावित असोथर-चित्रकूट बस मार्ग का सर्वे शुरू कर दिया है। सोमवार को सर्वे टीम ने प्रस्तावित रूट का जायजा लेने के लिए असोथर से चित्रकूट की ओर रवाना होकर मार्ग की व्यवहारिकता को परखना शुरू किया।
सीधी सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण असोथर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को चित्रकूट पहुंचने के लिए कई साधन बदलने पड़ते हैं। धार्मिक पर्वों और विशेष अवसरों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे में रोडवेज बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक को सौंपा गया था मांग पत्र
असोथर से चित्रकूट तक बस संचालन की मांग को लेकर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गौरव सिंह गौतम ने 17 जून को अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता को पत्र सौंपा था। इसमें असोथर से फतेहपुर होते हुए चित्रकूट के लिए नियमित रोडवेज बस चलाने की मांग की गई थी। मांग के पीछे क्षेत्र की धार्मिक गतिविधियों के साथ ग्रामीणों की परिवहन जरूरतों को प्रमुख आधार बनाया गया था।
इसके बाद मंडप गेस्ट हाउस में जल निगम की पानी की टंकी के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भी स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने विधायक के सामने बस सेवा का मुद्दा उठाया था। गौरव सिंह गौतम, रिंकू आर्य, नरसिंह मौर्य, विमल गुप्ता और लालता दुबे सहित अन्य लोगों ने असोथर से चित्रकूट के लिए सीधी बस चलाने की मांग रखी थी।
सर्वे के बाद तय होगा आगे का रास्ता
विधायक की ओर से बस सेवा शुरू कराने का भरोसा दिए जाने के बाद अब परिवहन विभाग के स्तर से सर्वे शुरू होना मांग को लेकर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि नियमित बस संचालन का अंतिम निर्णय सर्वे रिपोर्ट और मार्ग की व्यवहारिकता के आकलन के बाद ही होगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रस्तावित मार्ग को मंजूरी मिलने पर असोथर समेत आसपास के दर्जनों गांवों को चित्रकूट धाम के लिए सीधा सार्वजनिक परिवहन मिल सकेगा। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होने के साथ क्षेत्रीय आवागमन और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है।
फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर परिवहन विभाग की सर्वे रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि असोथर से चित्रकूट के बीच नियमित रोडवेज बस सेवा कब तक शुरू हो पाती है।








