एसडीआरएफ टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन, शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
खखरेरू, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी संख्या-2 में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद हो सका। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मनीष कहार पुत्र राधेश्याम कहार, उम्र करीब 30 वर्ष, मूर्ति विसर्जन के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से पहले दिन नदी में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और नदी में व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने मनीष का शव नदी से बरामद कर लिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक की पत्नी मंजू देवी, बेटी महिमा (16), बेटे प्रिंस (14) और आनंद समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर — सत्येंद्र कुमार वर्मा








