फतेहपुर, 29 सितंबर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित वाहनों की नियमित जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना परमिट और फिटनेस के कोई स्कूल वाहन संचालित न हो। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति करने के निर्देश भी दिए गए। वाहनों में अनधिकृत रूप से लगाए गए हूटर, साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही एआरटीओ को कार्ययोजना तैयार कर विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, यातायात क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने और मानकों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने को कहा गया। मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों द्वारा रखे गए सुझावों और शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क सुरक्षा के मद्देनजर बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के चालान करने तथा बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर एआरटीओ को सौंपने को कहा गया, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप और साइनेज लगाने के निर्देश दिए। आरटीओ और पुलिस विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
बैठक में नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने और बिना पंजीकरण ई-रिक्शा के संचालन पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को बिना पंजीकरण ई-रिक्शा न खरीदने और न चलाने के प्रति जागरूक करने को कहा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरटीओ, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








