सेवा सेतु अभियान के तहत ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी
फतेहपुर, 29 सितंबर। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के छह विकासखंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। देवमई, मलवा, असोथर और हसवा में दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, जबकि भिटौरा और धाता विकासखंडों में मंगलवार से शिविर की शुरुआत हुई।
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों से विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी लिए गए।
मंगलवार को आयोजित शिविरों में कुल 4487 लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। देवमई में करीब 583, मलवा में 651, असोथर में 830, हसवा में 1118, भिटौरा में 549 तथा धाता में लगभग 756 लाभार्थी शिविर में पहुंचे।
असोथर विकासखंड में विधायक अयाहशाह विकास गुप्ता ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं और शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
शिविरों में विशेष रूप से आवास, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी लेने के लिए ग्रामीणों की भीड़ रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं अन्य विभागों के स्टॉलों पर भी ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों के आवेदन लिए गए।
प्रशासन का उद्देश्य इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी तथा आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
देवमई, मलवा, असोथर और हसवा में बहुउद्देशीय शिविर 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं भिटौरा और धाता विकासखंड में 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक शिविर आयोजित होंगे।
शिविरों के सफल आयोजन में संबंधित खंड विकास अधिकारियों, खंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।








