धाता/फतेहपुर। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने को लेकर सोमवार को धाता थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने की। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने से बचने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा शांति व्यवस्था प्रभावित करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। धार्मिक आयोजनों के आयोजकों से भी निर्धारित नियमों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपस्थित लोगों से सुझाव लिए और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा। पुलिस ने नवरात्रि के दौरान प्रमुख स्थानों और कार्यक्रम स्थलों पर निगरानी बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मौजूद लोगों ने शांतिपूर्ण वातावरण में नवरात्रि पर्व संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।







