अनुकम्पा नियुक्ति समेत विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों ने दिया धरना, अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
धाता/फतेहपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) एकता के आह्वान पर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता में तैनात एनएचएम और संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने स्थायीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
धरने में शामिल कर्मचारियों का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। कर्मचारियों ने मांग की कि एनएचएम कर्मियों को स्थायी किया जाए, समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू हो तथा पात्र कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति का लाभ दिया जाए।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सीएचसी धाता के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांगों को शासन तक पहुंचाने और उनका शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की गई।
धरने के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की बात सामने आई। अस्पताल में उपचार और जांच के लिए पहुंचे मरीजों को इंतजार करना पड़ा, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। धरने में चिकित्सकों सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत एनएचएम और संविदा कर्मचारी शामिल रहे।







