स्थायी नौकरी, समान कार्य के लिए समान वेतन और अनुकम्पा नियुक्ति की मांग को लेकर अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
धाता/फतेहपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धाता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों का अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने स्थायीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की।
NHM एकता के आह्वान पर आयोजित धरने में सीएचसी धाता में तैनात चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन सहित विभिन्न संविदा कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों ने सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान कर सेवा संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
धरना समाप्त होने के बाद कर्मचारियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने और उनका शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की गई।
धरने से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर
कर्मचारियों के सामूहिक धरने के चलते सीएचसी में उपचार और जांच के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में मरीजों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर असुविधा की स्थिति बनी रही।
NHM कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। धरने में सीएचसी धाता में कार्यरत विभिन्न विभागों के संविदा कर्मचारी शामिल रहे।







