फतेहपुर। जनपद के 200वें स्थापना दिवस के अवसर पर समाजसेवा और मानवता की भावना को नई पहचान देते हुए विद्या मंदिर के आचार्य महेश सिंह चौहान ने अपना 100वां रक्तदान किया। उनका यह सराहनीय योगदान जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के संकल्प और निस्वार्थ सेवा भावना का प्रतीक बन गया।
मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर में आयोजित रक्तदान के दौरान आचार्य महेश सिंह चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विशेष सम्मान समारोह भी हुआ। सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 100 बार रक्तदान करना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है। ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर आचार्य महेश सिंह चौहान ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर जरूरतमंद के जीवन को बचाने का कोई बड़ा मानवीय योगदान नहीं हो सकता। जब तक उनका शरीर स्वस्थ रहेगा, वह रक्तदान के माध्यम से लोगों की मदद करते रहेंगे।
कार्यक्रम में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह एवं शोभित सिंह सहित मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति मौजूद रहीं।
जनपद के 200वें स्थापना दिवस पर रक्तदान का शतक लगाकर आचार्य महेश सिंह चौहान ने यह संदेश दिया कि किसी के जीवन को बचाने से बड़ा कोई उपहार नहीं और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा सम्मान है।






