कार्तिक पूर्णिमा पर फतेहपुर में बदलेगा भारी वाहनों का रास्ता, 23 से 25 नवंबर तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था

 

गंगा स्नान पर्व को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट, बांदा-हमीरपुर, उन्नाव और रायबरेली जाने वाले वाहनों के लिए जारी किए गए वैकल्पिक मार्ग; भिटौरा घाट पर भारी वाहनों की नो एंट्री

 

फतेहपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा घाटों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए फतेहपुर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। स्नान पर्व के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर विशेष प्रतिबंध लगाते हुए तीन अलग-अलग रूट डायवर्जन जारी किए हैं।

 

यातायात पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर को रायबरेली के डलमऊ स्थित गंगा घाट पर मुख्य स्नान पर्व आयोजित होगा। वहीं उन्नाव के चंद्रिका देवी धाम, बक्सर और फतेहपुर के ओम घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।

 

बांदा और हमीरपुर से आने वाले वाहनों का बदलेगा रास्ता

 

बांदा और हमीरपुर से चौडगरा-कल्याणपुर होते हुए बक्सर मोड़ और गंगा पुल के रास्ते उन्नाव व लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को अब निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा। ऐसे वाहन कल्याणपुर से कानपुर, रामादेवी और जाजमऊ गंगा पुल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसके अलावा चौडगरा-कल्याणपुर-लखनऊ बाईपास-फतेहपुर-सातमील-असनी गंगा पुल-लालगंज मार्ग का भी विकल्प दिया गया है।

 

यह व्यवस्था 23 नवंबर शाम 4 बजे से 24 नवंबर रात 8 बजे तक लागू रहेगी।

 

रायबरेली जाने वाले भारी वाहनों को सातमील से मिलेगा रास्ता

 

फतेहपुर से हुसैनगंज-सातमील-डलमऊ गंगा पुल के रास्ते रायबरेली जाने वाले भारी वाहनों को सातमील से असनी गंगा पुल और लालगंज होकर जाना होगा। वापसी के दौरान भी वाहनों को इसी निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

 

यह डायवर्जन 23 नवंबर दोपहर 2 बजे से 25 नवंबर दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगा।

 

भिटौरा घाट मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद

 

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए भिटौरा बाईपास से भिटौरा घाट तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध 24 नवंबर को रात 1 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।

 

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील

 

यातायात पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, जिससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

 

India Varta News | फतेहपुर

 

सच की बात, इंडिया वार्ता।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment