जाम और हादसों पर लगाम लगाने के लिए एसडीएम का सख्त आदेश, सुबह 8 से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
फतेहपुर। खागा कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उपजिलाधिकारी खागा ने 21 नवंबर 2026 को कार्यालय ज्ञाप जारी कर भारी वाहनों के आवागमन, बसों के ठहराव और रूट डायवर्जन को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, पनिहा बाबा एवं किशनपुर-विजयीपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन खखरेरू थाना क्षेत्र होते हुए धाता की तरफ जाएंगे। खागा के पूर्वी और पश्चिमी बाईपास से किसी भी भारी वाहन को कस्बे के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
निर्देशों में ट्रैक्टर-ट्रॉली को केवल कृषि कार्य के लिए कस्बे में प्रवेश की अनुमति दी गई है, जबकि मौरंग, मिट्टी सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके साथ ही खागा कस्बे के अंदर निजी बस स्टैंड संचालित नहीं होंगे। किशनपुर रोड पर स्टेशन पुल के पार लंबरदार मार्केट के बाहर ही बसों में सवारियां बैठाई जाएंगी। सरकारी बसों को निर्धारित रूट पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पुराना बस स्टैंड बंद होने के कारण वहां वाहनों को रोकने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने आदेश में बाजार के अंदर बाईपास की सुविधा नहीं होने, लगातार लगने वाले जाम और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को भी प्रमुख कारण बताया है। पैदल और साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उपजिलाधिकारी ने जारी निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारियों और सहायक प्रबंधक रोडवेज को भेजकर कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
अब प्रशासन की इस नई व्यवस्था के बाद खागा कस्बे में यातायात व्यवस्था कितनी सुधरती है, यह देखने वाली बात होगी।
India Varta News | सच की बात, इंडिया वार्ता






