अयोध्या: जमीन विवाद में खूनी खेल, कब्जे के दौरान 40 वर्षीय भूपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या

 

अयोध्या। रामनगरी के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। एक महीने पहले खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे 40 वर्षीय भूपेंद्र सिंह उर्फ भकारू की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

कब्जा लेने पहुंचे थे भूपेंद्र, भड़की हिंसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंकारीपुर निवासी भूपेंद्र सिंह ने हाल ही में काजीपुर गाडर में एक जमीन खरीदी थी। रविवार को जब वे उस जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष से उनकी तीखी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई।

सीने में लगी दो गोलियां, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

मंडा-कोटवा बाईपास के पास हुई इस गोलीबारी में हमलावरों ने भूपेंद्र सिंह को बेहद नजदीक से निशाना बनाया। उनके सीने में दो गोलियां लगीं, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक रंजिश और जमीन की खरीद-फरोख्त

सूत्रों के मुताबिक, यह विवाद एक पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर यह खूनी खेल हुआ, उसे लकी वर्मा के चाचा ने भूपेंद्र सिंह को बेचा था। इस सौदे को लेकर परिवार में पहले से ही नाराजगी थी। पुलिस अब इस ‘फैमिली रंजिश’ के एंगल से भी मामले की सघन जांच कर रही है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment