फतेहपुर: जनपद के ललौली थाना क्षेत्र के वाहिदपुर गांव में सोमवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब अवैध रूप से गैस रीफिलिंग के दौरान एक वैन में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी वैन धू-धू कर जलने लगी और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया।
रीफिलिंग के दौरान भड़की चिंगारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के भीतर ही वैन में गैस रीफिल की जा रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। वैन को जलता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए निजी संसाधनों और पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
बड़ा हादसा टला, जांच जारी
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते लोग वाहन से दूर हो गए। हालांकि, घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह गैस रीफिलिंग का कार्य एक बड़े खतरे को दावत दे रहा था।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों और अवैध रीफिलिंग के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।








