फतेहपुर (बकेवर)। पत्रकारिता के शिखर पुरुष, अमर शहीद और स्वतंत्रता सेनानी पण्डित गणेश शंकर विद्यार्थी की 95वीं पुण्यतिथि आज बिन्दकी तहसील के बकेवर कस्बे में अत्यंत श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला पत्रकार एसोसिएशन संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों ने एकजुट होकर विद्यार्थी जी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
एसडीएम और जिला अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रियंका अग्रवाल (उप जिलाधिकारी, बिन्दकी) और अजय सिंह भदौरिया (अध्यक्ष, जिला पत्रकार एसोसिएशन संघ, फतेहपुर) ने दीप प्रज्वलित कर और विद्यार्थी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कामता प्रसाद तिवारी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमलेश त्रिवेदी ने अपनी रोचक शैली में किया।
समाज सुधार में पत्रकारिता की अहम भूमिका: एसडीएम
उप जिलाधिकारी प्रियंका अग्रवाल ने विद्यार्थी जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज से बुराई को दूर करने और सृजनात्मकता बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों को उनके सामाजिक उत्तरदायित्वों की याद दिलाई। वहीं, वरिष्ठ वक्ताओं रवीन्द्र त्रिपाठी और अरुण द्विवेदी ने पत्रकार साथियों को निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के गुर सिखाए।
सम्मान समारोह और भारी उपस्थिति
इस अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें समाज सेवा, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभूतियों सहित जुझारू पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सदर, खागा और बिन्दकी तहसील के लगभग एक सैकड़ा पत्रकारों के साथ-साथ समाजसेवी, डॉक्टर और शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संगठन के प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संरक्षक वसीम अख्तर, उपाध्यक्ष रईस उद्दीन, मंत्री अवनीश सिंह चौहान, खागा तहसील अध्यक्ष धीरेन्द्र वाजपेई, महामंत्री निरंजन सिंह, सदर तहसील अध्यक्ष शैलेष सिंह, महामंत्री आशीष सिंह, संयुक्त मंत्री नरसिंह मौर्य, बिन्दकी तहसील अध्यक्ष शैलेन्द्र विश्वकर्मा, महामंत्री राजेन्द्र सोनी, संरक्षक ललित मिश्रा सहित संतोष शुक्ला, रोहित उमराव, रंजन शुक्ला, रोहित त्रिवेदी, सलमान खान और अभिषेक पटेल जैसे दर्जनों पत्रकार साथी उपस्थित रहे।








