कौशांबी में भीषण तांडव: मुंडन कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राला से टकराई, 7 की मौत, दर्जनों घायल

 

कौशांबी/यूपी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार दोपहर रामनवमी के पावन अवसर पर मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल गईं। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर डोरमा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्राला में जा घुसी। इस भीषण भिड़ंत में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 4 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं।

हादसे का मंजर: सड़क पर बिखरी लाशें, चीख-पुकार से कांपा हाईवे

हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्राला से टकराते ही उसके परखचे उड़ गए। पिकअप में सवार करीब 25 से 35 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग सड़क पर दूर जा गिरे और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं

मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के कोरावल गांव निवासी पंकज सिंह के बेटे का मुंडन था। परिवार और रिश्तेदार पिकअप (लोडर) बुक करके कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन और प्रयागराज संगम पर मुंडन कराने आए थे। पवित्र संगम में डुबकी लगाने और दर्शन पूजन के बाद सभी हंसते-खेलते घर लौट रहे थे, तभी काल ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा दुख

हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की भी घोषणा की है:

मृतकों के परिजनों को: 2-2 लाख रुपये।

गंभीर घायलों को: 50-50 हजार रुपये।

राहत एवं बचाव कार्य की मुख्य बातें:

रेस्क्यू ऑपरेशन: मौके पर 4 एंबुलेंस तैनात की गईं, जिनसे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल की स्थिति: घायलों का इलाज सीएससी सिराथू और जिला अस्पताल में चल रहा है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर घायलों की निगरानी कर रहे हैं।

यातायात: हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

“सीएससी पर कुल 23 मरीज आए थे, जिनमें से एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम लगाई गई है।” > — डॉ. संजय कुमार, सीएमओ

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment