रिपोर्ट कमर उल्ला
सिराथू, कौशाम्बी।
गर्मी की शुरुआत के साथ ही किसानों की मेहनत पर कुदरत और सिस्टम की मार पड़ना शुरू हो गई है। कौशाम्बी जिले के सिराथू तहसील अंतर्गत गराई गांव में मंगलवार को हाईटेंशन (HT) विद्युत लाइन की चिंगारी से गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 3 बीघा कटी हुई फसल जलकर खाक हो गई है।
गांव में मचा अफरा-तफरी का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी कटी रखी फसल पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठते धुएं के गुबार और आग की लपटों को देख गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण शोर मचाते हुए घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई। आग को अन्य खेतों तक फैलने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने निजी संसाधनों और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझती, तब तक किसान की मेहनत राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थी।
लापरवाही की आशंका
ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर बिजली के तारों की वजह से आए दिन इस तरह के हादसे होते हैं। फसल जलने से पीड़ित किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान के सर्वे और उचित मुआवजे की मांग की है।








