रिपोर्ट: आदर्श सिंह (ब्लॉक संवाददाता)
असोथर (फतेहपुर): थाना क्षेत्र के प्रेम मऊ कटरा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने जमकर कोहराम मचाया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस फिलहाल वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
तालाब में जा गिरा युवक, हालत नाजुक
पहली घटना दोपहर करीब 1:00 बजे की है। बर्रा बगहा (मजरे सरकंडी) निवासी छोटू (19) पुत्र सुरेंद्र सिंह अपनी बुआ को लौंगाव छोड़कर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह प्रेम मऊ कटरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, गाजीपुर की ओर से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटू बाइक समेत पास के तालाब में जा गिरा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
दंपत्ति भी हुए हादसे का शिकार
उसी अज्ञात वाहन ने शाम करीब 6:30 बजे एक दूसरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। गढ़ीवा (कोतवाली फतेहपुर) निवासी महेंद्र (42) अपनी पत्नी सुमन देवी (40) के साथ असोथर में एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। पेट्रोल पंप के पास हुई इस भिड़ंत में महेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी को मामूली चोटें लगी हैं।
सूचना पर जा रहा भतीजा भी हुआ घायल
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंच रहे घायल महेंद्र के भतीजे शिवम शिवहरे (25) की बाइक भी हनुमान मंदिर के पास अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घायल छोटू और महेंद्र को जिला अस्पताल सदर रेफर कर दिया है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रकाशन: इंडिया वार्ता








