मिशन-300 को मिली नई गति, डीएम ने सुसवन बुजुर्ग में तालाब खुदाई कार्य का किया शुभारंभ

 

 

असोथर (फतेहपुर)। जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधार की दिशा में जनपद में संचालित मिशन-300 अभियान को बुधवार को नई गति मिली। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने विकास खंड असोथर की ग्राम पंचायत सुसवन बुजुर्ग पहुंचकर तालाब खुदाई कार्य का शुभारंभ किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां वर्षा जल का अधिकतम संचयन संभव हो। उन्होंने विशेष रूप से आबादी के निकट स्थित तालाबों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बरसात का पानी आसानी से तालाबों तक पहुंचेगा और जल संरक्षण के उद्देश्य को मजबूती मिलेगी।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी चयनित तालाबों की खुदाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों का पुनर्जीवन और नए जलस्रोतों का निर्माण भूजल स्तर बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

मिशन-300 के तहत जनपद में व्यापक स्तर पर तालाबों की खुदाई और पुनर्जीवन का कार्य कराया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण अभियान को मजबूती मिल रही है। इस अवसर पर डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी असोथर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment