रिपोर्ट : राहुल द्विवेदी, ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट की बर्रा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (साउथ) एवं अपर पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में थाना प्रभारी रविन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के दौरान की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को शास्त्री चौक स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, संबंधित मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और उसके कब्जे से नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामद नाबालिग को नियमानुसार महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में संरक्षण प्रदान किया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
बर्रा थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। अभियान में शामिल पुलिस टीम की सक्रियता से अपहृता की सुरक्षित बरामदगी संभव हो सकी।








