कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एलकेजी की पांच वर्षीय छात्रा के साथ कथित अभद्र हरकत का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले 52 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले को पुराने भूमि विवाद के पहलू से भी परख रही है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा के पिता निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने बछड़े को चारा खिलाने का बहाना बनाकर बच्ची को अपने पास बुलाया और उसके साथ अनुचित हरकत की। घर लौटने पर सहमी बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना का विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने हनुमंत विहार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2014 से भूमि विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








