कानपुर ब्यूरो चीफ : राहुल द्विवेदी
कानपुर। मोहर्रम के जुलूस को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जूही थाना क्षेत्र की मिलिट्री कैंप चौकी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की है।
पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान भी जुलूस मार्ग पर तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया गया है। जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, जबकि पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर ताजियों की ऊंचाई का भी परीक्षण कराया गया है, ताकि बिजली के तारों अथवा अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की परेशानी न हो और जुलूस सुरक्षित ढंग से अपने निर्धारित मार्ग से गुजर सके।
कानपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से मोहर्रम के ताजिए और जुलूस निकाले जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।








