फतेहपुर। जिले के औंग थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शादी के महज 10 दिन बाद हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में भी शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, औंग थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी 19 वर्षीय काजल की शादी 21 जून 2026 को छोटू के साथ हुई थी। सोमवार को उसका पति उसे मायके छोड़ने गया था, लेकिन किसी कारणवश मायके पक्ष ने उसे वापस ससुराल ले जाने के लिए कह दिया। इसके बाद पति काजल को लेकर वापस घर लौट आया।
घर पहुंचने के कुछ समय बाद काजल अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो उसका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही औंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








