फतेहपुर, 01 जुलाई 2026। अपने जन्मदिन को समाजसेवा के संकल्प के साथ मनाते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य जितेंद्र विश्वकर्मा (जीतू) ने बुधवार को अपना 8वां स्वैच्छिक रक्तदान किया। उन्होंने मानस रक्तकेंद्र पहुंचकर एक जरूरतमंद डायलिसिस मरीज के लिए रक्तदान किया और लोगों को मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान के उपरांत मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने जितेंद्र विश्वकर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनके सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है, जिससे कई लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर जितेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें समाज और मानवता की सेवा से भी जोड़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे। वहीं रक्तदान प्रक्रिया को सफल बनाने में मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव, टेक्नोलॉजिस्ट अनामिका पाल एवं विष्णु का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी ने जितेंद्र विश्वकर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








