फतेहपुर। विकासखंड हथगांव के अंतर्गत ग्राम सलेमपुर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ते पर पानी भरा रहने से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इसी मार्ग से गांव के स्कूली बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आते-जाते हैं। जलभराव के कारण उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि गांव में न तो पक्की नाली की व्यवस्था है और न ही जलनिकासी का कोई स्थायी प्रबंध, जिससे बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि यदि गांव में पक्की नाली का निर्माण कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए और पानी को तालाब अथवा अन्य सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, तो जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।
ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांववासियों और स्कूली बच्चों को इस समस्या से राहत मिल सके।








