फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जुलाई (शनिवार) को फतेहपुर जनपद के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री मदारीपुर कला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर सदर एवं अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
जारी वीआईपी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह लखनऊ से प्रस्थान कर राजकीय हेलीकॉप्टर से लगभग 10:30 बजे मदारीपुर कला स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सुबह 10:40 बजे से 11:40 बजे तक विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।








