फतेहपुर। थाना जाफरगंज क्षेत्र के चर्चित जयकुमार हत्याकांड में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना को एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार, जयकुमार की हत्या 8 अप्रैल 2025 की शाम किए जाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरुण कुमार द्विवेदी, रमेश, दीपू, शीलू, सुखदेव समेत अन्य के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि नामजद आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए सभी नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की अपील की है।
(यह समाचार उपलब्ध एफआईआर एवं पीड़ित पक्ष के आरोपों पर आधारित है। आरोपियों का पक्ष तथा पुलिस का आधिकारिक बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)








