फतेहपुर। जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक के बैनर तले राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और राष्ट्रपति तथा जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।
संगठन द्वारा राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने तथा कथित रूप से मानसिक तनाव के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। साथ ही गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा प्रदान करने की मांग भी शामिल रही।
वहीं जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में जिले की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई। संगठन ने अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, किसानों के लिए यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों का पुनः सर्वे कराने तथा धान की सिंचाई के लिए नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि छात्र-छात्राओं, महिलाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में संगठन की महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सरला सिंह, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां, महासचिव संयोगिता वर्मा, हसवा ब्लॉक अध्यक्ष मीना सिंह, उपाध्यक्ष संगीता देवी सहित संगठन की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।








