फतेहपुर। किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं ने सोमवार को विद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र हाथों में लेकर मैदान में उतर आए और बिजली, पेयजल, पंखे, डेस्क-बेंच सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। छात्रों के विरोध को देखते हुए विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि विद्यालय में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई कक्षाओं में पंखे नहीं लगे हैं, जबकि खराब विद्युत वायरिंग के कारण गर्मी के दिनों में पढ़ाई करना बेहद कठिन हो जाता है। शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से भी छात्रों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा पर्याप्त डेस्क-बेंच न होने के कारण कई विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पहले विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार विद्यालय पहुंचे और छात्र-छात्राओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। वार्ता के बाद विद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि प्रत्येक कक्षा में अगले दिन तक चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा, एक माह के भीतर सभी आवश्यक डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे तथा छात्रों के लिए आरओ वाटर कूलर भी स्थापित किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की सभी उचित मांगों को स्वीकार कर लिया गया है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा कराया जाएगा। इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग छात्रों की जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति उनकी सजगता की चर्चा कर रहे हैं।








