फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की हत्या उसके पति ने घरेलू विवाद और आपसी अविश्वास के चलते की थी। वारदात के बाद आरोपी ने पूरे मामले को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की, लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम जखनी निवासी धर्म सिंह ने अपनी पुत्री शालिनी यादव की हत्या का आरोप उसके पति दिलीप कुमार पर लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी कारण घटना को अंजाम दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे पानी से भरे बाथटब में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने घर में मौजूद साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास किया और बाद में पत्नी को निजी अस्पताल ले जाकर यह दिखाने की कोशिश की कि उसकी मौत दुर्घटना में हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के साथ साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और विवेचना जारी है।








