तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे होमगार्ड जवान, फतेहपुर में निकली भव्य बाइक रैली

 

फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से होमगार्ड विभाग फतेहपुर की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य बाइक रैली निकाली गई। तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे होमगार्ड जवानों ने अनुशासन के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।

बाइक रैली का शुभारंभ जिला होमगार्ड कार्यालय से हुआ। तिरंगे से सजी बाइकों के साथ जवान डाक बंगला चौराहा, ज्वाला गंज चौराहा, वर्मा चौराहा और पटेल नगर चौराहा होते हुए जिलाधिकारी आवास के सामने पहुंचे। इसके बाद रैली निर्धारित मार्ग से वापस जिला होमगार्ड कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

 

रैली के दौरान बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों और विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के जज्बे के साथ जवानों ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की महत्ता से अवगत कराया। शहर की सड़कों पर तिरंगे के साथ निकली बाइक रैली लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

 

कार्यक्रम में सहायक जिला कमांडेंट श्री संतोष बहादुर (डी.ई.), होमगार्ड्स कंपनी कमांडर नगर श्री विष्णुदत्त सोनी, बी.ओ. हसगाँव श्री राम नरेश, बी.ओ. तेलीयानी श्री बीरेंद्र सिंह यादव, बी.ओ. मिठौरा श्री रामपाल तथा बी.ओ. देवमई श्री रामनिवास सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जनपद के समस्त वैतनिक एवं अवैतनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों ने रैली में सहभागिता की। जवानों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

 

होमगार्ड विभाग की इस पहल से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में देशभक्ति का माहौल और मजबूत हुआ। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment